संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़। क्षेत्र के एक गांव की मानसिक रूप से कमजोर युवती से पड़ोसी युवक ने बहलाकर दुष्कर्म किया। चार महीने बाद युवती के गर्भवती होने का पता चला।
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है।थाना क्षेत्र के एक गांव की मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती अपने पड़ोस के घरों में आती जाती रहती है। युवती के घर के सदस्य जब बाहर काम करने जाते थे तो पड़ोसी युवक भी युवती के घर आता जाता था।
एक दिन जब युवती के परिजन काम करने गांव से बाहर चले गए। तब युवक ने मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। चार महीने बाद युवती का पेट बाहर निकलने लगा, तो उसकी मां को किसी बीमारी की आशंका हुई। इसके बाद युवती की मां ने उसकी जांच कराई।
जांच रिपोर्ट में युवती गर्भवती पाई गई। इसे देखकर मां के होश उड़ गए। मां ने पूछा, तो पड़ोसी युवक के बारे में जानकारी दी। इसके बाद मां आरोपी के खिलाफ रविवार को राजगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
राजगढ़ थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।