मिर्जापुर। महुवरिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को अलंकरण समारोह का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजकुमार दीक्षित ने दीप जलाकर कर किया। अंतिम दिन आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता एवं उप विजेता छात्रों को मेडल प्रदान किया गया।
खेलकूद प्रतियोगिता में गोला फेंक, बैडमिंटन, दंड बैठक, कबड्डी, वाॅलीबाल आदि खेल के आयोजन हुए। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत भाषण, नृत्य, एकल तथा सामूहिक गायन, पोस्टर, निबंध तथा भाषण प्रतियोगिता हुई। कबड्डी प्रतियोगिता सीनियर वर्ग में कक्षा 12 विजेता एवं कक्षा 11 के छात्र उप विजेता रहे। वॉलीबाल प्रतियोगिता में कक्षा 11 के छात्र विजेता एवं कक्षा 12 के छात्र उप विजेता रहे। अलंकरण और पुरस्कार वितरण समारोह में छात्रों द्वारा स्वागत गीत, सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। प्रधानाचार्य व उप प्रधानाचार्य जय सिंह की ओर से विजेता एवं उपविजेता छात्रों को मेडल तथा पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान खुर्शीद असलम, डॉ. धर्मजीत सिंह, संजय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।