मिर्जापुर। रेल प्रशासन ने तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेला के मुख्य स्नान दिवसों पर विंध्याचल स्टेशन पर 10 ट्रेनों का दो मिनट के लिए अस्थायी ठहराव की घोषणा की है।
माघ मेला के दौरान संगम स्नान करने के बाद लोग मां विंध्यवासिनी का भी दर्शन-पूजन करने आते हैं। दर्शनार्थियों की सुविधा को देखते हुए रेल प्रशासन ने विंध्याचल में प्रमुख दिवसों पर 10 ट्रेनों के ठहराव की घोषणा की है। रेलवे के पीआरओ रागिनी सिंह ने बताया कि 15 जनवरी को मकर संक्रांति है। इसके मद्देनजर 15 और 16 जनवरी को विंध्याचल स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव होगा। इसके बाद नौ फरवरी को मौनी अमावस्या को देखते हुए नौ और 10 फरवरी इन ट्रेनों का विंध्याचल स्टेशन पर ठहराव होगा। 14 और 15 फरवरी को स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव होगा। इन तिथियों पर विंध्याचल स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12307 हावड़ा-जोधपुर सुबह 11 बजकर पांच मिनट पर आएगी। गाड़ी संख्या 12308 जोधपुर-हावड़ा शाम को चार बजकर 3 मिनट पर जाएगी। इसी तरह से गाड़ी संख्या 22307 हावड़ा-बीकानेर ट्रेन सुबह 11 बजकर पांच मिनट पर आएगी और गाड़ी संख्या 22308 बीकानेर-हावड़ा शाम को चार बजकर 35 मिनट पर आएगी। गाड़ी संख्या 15658 कामाख्या-दिल्ली शाम को पांच बजकर 58 मिनट पर आएगी। गाड़ी संख्या 15657 दिल्ली-कामाख्या सुबह आठ बजकर 58 मिनट पर आएगी। गाड़ी संख्या 15945 लोकमान्य तिलक (टर्मिनल)-डिब्रूगढ़ सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर आएगी। गाड़ी संख्या 15946 डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक (टर्मिनल) शाम को सात बजकर पांच मिनट पर आएगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 15647 लोकमान्य तिलक (टर्मिनल)-गुवाहाटी सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर आएगी। गाड़ी संख्या 15648 गुवाहाटी -लोकमान्य तिलक (टर्मिनल) शाम को सात बजकर पांच मिनट पर आएगी। सभी ट्रेनों का ठहराव दो मिनट के लिए होगा।