मिर्जापुर। भाजपा के नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर विंध्याचल धाम से मांस और मदिरा की दुकानों को एक किलोमीटर दूर ले जाने की मांग की है।
पत्र में विधायक ने लिखा है कि विंध्याचल धाम स्थित मां विंध्यवासिनी का मंदिर प्रदेश और देश में आस्था का बड़ा केंद्र है। मां के दर्शन करने प्रतिदिन बड़ी संख्या में दूर- दूर से श्रद्धालु आते हैं। मंदिर के पास ही संचालित मांस और मदिरा की दुकानाें से श्रद्धालुओं विशेषकर महिला व बुजुर्ग को काफी असुविधा होती है। महिला श्रद्धालु असहज हो जाती हैं। इससे क्षेत्र की धार्मिक गरिमा प्रभावित होती है। इसलिए जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मांस और मदिरा की दुकानों को मंदिर से एक किलोमीटर दूर ले जाने की मांग की। इससे श्रद्धालु सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन पूजन कर सकें। नगर विधायक ने कहा कि दर्शनार्थियों की असुविधा को देखते हुए उन्होंने यह पत्र लिखा है।