लापता महिला के फोन पर आया हादसे में मौत का मैसेज, स्रोत सोशल मीडिया
जिगना, मिर्जापुर। थाना क्षेत्र के गांव से तीन वर्ष के बच्चे के साथ मंगलवार की सुबह घर से दवा लेने प्रयागराज के बेली अस्पताल के लिए निकली बीमा देवी (35) के घर न लौटने पर परिजनों ने बुधवार को जिगना थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस छानबीन कर ही रही थी कि दोपहर 12 बजे उसी के ही मोबाइल से घर व रिश्तेदारों के यहां मेसेज आया है कि बीमा देवी व उसके पुत्र की हादसे में मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के बिहसड़ा कला के मुराजपुर गांव निवासी पत्नी बीमा देवी (35) पत्नी जितेंद्र अपने तीन वर्षीय पुत्र सतेंद्र के साथ मंगलवार की सुबह नौ बजे घर से प्रयागराज के बेली अस्पताल में दवा लेने निकली थी। विवाहिता के ससुर इंद्रदेव ने बताया कि दो वर्ष से दवा लेने प्रयागराज जाती थी लेकिन अस्पताल नहीं पहुंची। दोपहर 12 बजे बहू के ही मोबाइल से घर व रिश्तेदारों के यहां मेसेज आया है कि बीमा देवी व उसके पुत्र की हादसे में मौत हो गई। इस सूचना पर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन फोन लगाए तो बीमा देवी का फोन बंद मिला। शाम को एक बार फोन चालू हुआ। उसके बाद फिर फोन बंद हो गया। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।