जिगना। प्रयागराज के मेजा थाने के नेवढ़िया पृथ्वीपुर स्थित ससुराल में जहर खाने से अचेत हुई विवाहिता को मायका पक्ष के लोग उपचार के लिए विंध्याचल के अस्पताल लेकर आए। वहां उपचार के दौरान मौत होने पर शव लेकर जिगना थाने पहुंचे और ससुराल वालों पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। जिगना पुलिस ने मामला मेजा थाने से संबंधित होने के कारण उन्हें वहां भेज दिया। मायका पक्ष के लोग शव लेकर मेजा थाने पहुंच गए।
जिगना थाना क्षेत्र के कुशहा के बोधीपुर गांव निवासी हरीलाल बिंद ने अपनी पुत्री नीतू (23) की शादी तीन साल पहले प्रयागराज के मेजा थाने के नेवढ़िया पृथ्वीपुर में संजय कुमार बिंद के साथ की थी। नीतू की तीन माह की एक पुत्री है। आरोप है कि पति, सास, देवर आदि द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। शनिवार को सुबह करीब 10 बजे ससुराल वालों ने मारपीट कर नीतू को घायल कर जबरन सिंदूर घोलकर पिला दिया। सूचना पर पहुंचे मायका वाले नीतू को लेकर मेजा थाने गए। जहां समझौता कराकर छोड़ दिया गया। नीतू अपने घर पहुंची तो हालत बिगड़ने लगी। उसे शाम को दो निजी अस्पतालों में दिखाने के बाद रात 11 बजे बिहसड़ा के पास एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रविवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे नीतू की मौत हो गई। विवाहिता की मौत होने पर मायका पक्ष के लोग शव लेकर जिगना थाने पहुंच गए। जिगना पुलिस ने मामला मेजा थाने से जुड़ा बताकर उन्हें वहां भेज दिया। इसके बाद मायका वाले शव लेकर मेजा थाने चले गए। भाई संतोष कुमार का आरोप है कि ससुराल में बहन नीतू को दहेज के लिए हमेशा प्रताड़ित किया जाता था। उसे जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय ने बताया कि मामला दूसरे थाने से संबंधित है। लोगों को वहां भेज दिया गया है।