जिगना। थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी एक व्यक्ति सोमवार को घर से गंगा स्नान करने निकला। उसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस एसडीआरएफ की मदद से लापता की तलाश में जुटी है।
थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी दिलीप सिंह (55) सोमवार को घर से दोपहर करीब 12 बजे गंगा में स्नान के लिए निकले थे। शाम होने तक घर वापस नहीं आने पर परिजन तलाश करते हुए गौरा गंगा घाट पहुंचे। वहां दिलीप के कपड़े के अलावा डिब्बा पड़ा था। देर रात सुमतिया निवासी कुलदीप सिंह ने जिगना थाने में सूचना दी। मंगलवार को सुबह परिजनों ने स्थानीय गोताखोरों के माध्यम से तलाश शुरू कराई। थानाध्यक्ष निरीक्षक शैलेश कुमार राय ने विंध्याचल से एसडीआरएफ बुलवाकर तलाश शुरू कराई। हालांकि शाम तक सफलता नहीं मिल सकी थी। घर पर पत्नी विद्या सिंह तथा परिजनों का हाल बेहाल है। पिता के लापता होने की सूचना पर बड़े पुत्र विकास सिंह मंगलवार को सुबह घर पहुंच कर खोजबीन में जुट गए। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों के माध्यम से तलाश कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसडीआरएफ की टीम बुलाकर तलाश कराई जा रही है।