लालगंज। क्षेत्र के दीवानपुर तालाब किनारे मछली पकड़ते समय बिजली गिरने से राजेंद्र पाल (50) बेहोश हो गए। उनको अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के कोटा गुरुदत्त निवासी राजेंद्र पाल दीवानपुर तालाब में मछली मारने गए थे। इस दौरान तेज वर्षा के बीच तीन बार बिजली कड़की। बिजली गिरने से वह चपेट में आकर बेहोश हो गए। परिजन उन्हेंसामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र पाल मूल रूप से प्रयागराज मांडा के गिरधरपुर गांव के रहने वाले थे।
कोटा गुरुदत्त में वह पिछले दो साल से अपनी दूसरी पत्नी निर्मला के साथ रह रहे थे। जिनसे एक बच्ची भी है। पहली पत्नी से उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और रो-रोकर उनका हाल बेहाल हो गया। चिकित्सक डॉ कैलाश नाथ बिंद ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर राजेंद्र पाल की मौत हो गई थी।