पटेहरा। विकास खंड में बढ़ते पेयजल संकट को देखते हुए खंड विकास अधिकारी ने बहुती न्याय पंचायत स्थित ग्राम सचिवालय में मंगलवार को प्रधानों व पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। इसमें खंड विकास अधिकारी ने पंचायत सचिवों व प्रधानों को समस्या वाले गांवों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान बीडीओ को बताया गया कि बेलहरा, धनावल, हरदी खुर्द, बहुती व अटारी में पानी की ज्यादा समस्या है। उन्होंने ग्राम पंचायत में पेयजल संकट वाले मजरों को चिन्हित कर गहरी बोरिंग कराने और बस्तियों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। बैठक में अनूप कुमार रावत, प्रदीप कुमार सिंह, रमाशंकर सिंह, शिवपाल यादव आदि मौजूद रहे।