खंड शिक्षा अधिकारी छानबे शशिकांत श्रीवास्तव ने गुरुवार को कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय मूर्तिहा के गायब शिक्षक राजदीप सिंह के निलंबन की संस्तुति बीएसए से की। चार शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने की भी संस्तुति की।
प्राथमिक विद्यालय कोलाही में सुबह 10 से दोपहर बारह बजे तक परीक्षा होनी थी, जबकि प्रधानाध्यापक रविश कुमार ने पहले ही कापियां ले ली थी। समय पूर्व कापी लेेने और उपस्थिति नहीं लेने के कारण उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। सहायक अध्यापिका रीना मिश्रा हस्ताक्षर बना कर गायब मिली। इनका दो दिन का वेतन काटने की संस्तुति बीएसए से की।
प्राथमिक विद्यालय मछहा में प्रधानाध्यापक बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इनका एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की। 12 बजकर 15 मिनट तक एमडीएम पंजिका पर कोई अंकन नहीं किया गया था। इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा गया। प्राथमिक विद्यालय मूर्तिहा में सहायक अध्यापक राजदीप सिंह को परीक्षा में ड्यूटी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वह बिना सूचना के अनुपस्थित मिले।
बीईओ ने बताया कि एबीआरसी के निरीक्षण में भी विगत दिनों लगातार तीन दिन अनुपस्थित मिले थे। इसके बाद राजदीप सिंह के निलंबन की संस्तुति बीएसए से की। प्राथमिक विद्यालय बनवारीपुर में सहायक अध्यापक सरिता कुशवाहा और सहायक अध्यापक द्वारिका प्रसाद बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इनका एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की। प्राथमिक विद्यालय कुशहा प्रथम में सहायक अध्यापिका अंकिता शुक्ला बिना सूचना अनुपस्थित मिलीं।
इनका भी एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई। प्राथमिक विद्यालय बघेड़ा खुर्द में एक बजकर 25 मिनट पर बच्चों को छोड़ दिया गया था। जबकि एक बजे से तीन बजे तक कार्यानुभव की परीक्षा थी। प्रधानाध्यापिका पार्वती सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया।