शाम 5 बजे तक 50.41 प्रतिशत हुई वोटिंग
मझवां विधानसभा उपचुनाव के लिए शाम 5 बजे तक 50.41 प्रतिशत वोटिंग हुई। इस दौरान सभी बूथों पर शांतिपूर्वक मतदान किया गया। कुछ बूथों पर पुलिस प्रशासन पर सपा प्रत्याशी द्वारा आरोप लगाया गया। जहां पहुंचकर अधिकारियों ने जायजा लिया।
मतदान कर लौट रहे अधेड़ की हार्टअटैक से मौत
कछवा क्षेत्र के तिवारीपुर गांव निवासी 55 वर्षीय महेंद्र सिंह अपने गांव के पोलिंग बूथ पर वोट देने गए थे। जैसे ही वोट देकर बाहर निकल रहे थे, उनके सीने में दर्द उठा और वे वहीं पोलिंग स्टेशन पर ही गिर पड़े। प्रशासन और घर के लोगों ने तत्काल कछवा रोड स्थित निजी हॉस्पिटल ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन बजे तक 43. 64 प्रतिशत मतदान
मझवां उपचुनाव के लिए दोपहर तीन बजे तक 43. 64 प्रतिशत मतदान हुए। सभी बूथों पर शांतिपूर्वक मतजान जारी है।
यूपी और एमपी बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बॉर्डर चौरा पीलारिया पर मझवां विधानसभा उपचुनाव के दृष्टिगत संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की गई।
एक बजे तक 31. 68% हुआ मतदान
मझवां उपचुनाव मतदान के दौरान दोपहर 1:00 बजे तक 31. 68% मतदान किया गया। विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर मतदान जारी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया बूथों का निरीक्षण
विधानसभा मझवा में उपचुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने बुथ संख्या 395, 396, 397, 420, 420, 421, 423 351, 352, 353, 354, 418, 419 सहित कई बूथों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
सपा प्रत्याशी का आरोप, समर्थक को उठाकर ले जा रहे हैं
अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
मझवां उपचुनाव को लेकर शांतिपूर्वक मतदान जारी है। अधिकारियों ने बुधवार की सुबह से सभी प्रमुख बूथों पर पहुंचकर सुरक्षा के साथ ही सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
397- मझवां विधानसभा उप-निर्वाचन के दृष्टिगत मतदान को सकुशल एवं शान्तिपूर्ण सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बूथों/मतदान केन्द्रों पर भ्रमण व निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी कार्यालय में वेब कास्टिंग
मझवां विधानसभा उपचुनाव के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में वेब कास्टिंग हो रही है। सभी बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है।
आकर्षण का केंद्र बना बंधवा का सखी बूथ
मिर्जापुर जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालय बंधवा का सखी बूथ गुब्बारे और फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। यहां मतदान के बाद लोग सेल्फी लेते नजर आए।
11 बजे तक 20.41 प्रतिशत मतदान
मझवां विधानसभा उपचुनाव में सुबह 11:00 बजे तक मतदान प्रतिशत 20.41 प्रतिशत रहा। इस दौरान युवाओं के साथ ही बुजुर्गों में काफी उत्साह देखने को मिला।
सात स्थानों में पर गड़बड़ी के कारण बदली गई ईवीएम
सात स्थानों पर ईवीएम मशीन गड़बड़ होने से मतदान में बाधा उत्पन्न हुई, हालांकि आनन- फानन ईवीएम बदली गई। इसमें बूथ संख्या 43 चड़िया कंपोजिट विद्यालय, 56 तुलापुर, 127 केवटावीर, 132 महामलपुर, 196 इंदीपर्वतपुर, 373 अमरावती, 391 मिश्र लहौली गौतम बूथ शामिल रहे।
वोटर लिस्ट में नाम ढूंढ़ने में परेशान रहे लोग
पड़री में मतदाता सूची में परिवार के लोगों का नाम सूची बद्ध न होने से नाम ढूंढने को लेकर लोग काफी परेशान दिखे। मतदाताओं ने बताया कि परिवार के लोगों का नाम अलग-अलग वार्ड में है। वहीं कुछ सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है। बता दें कि बीएलओ द्वारा हर घर जाकर मतदाता पर्ची बांटनी थी, लेकिन अधिकतर गांवो में पर्ची नहीं बांटी गई, जिससे मतदान केंद्रों के पास लोग वोटर लिस्ट में नाम ढूंढने में परेशान दिखे।
मतदान के लिए पहुंचीं सपा प्रत्याशी डॉक्टर ज्योति बिंद
मिर्जापुर जिले के सिटी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय इटवा में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी डॉक्टर ज्योति बिंद मतदान करने पहुंचीं। उनके पिता पूर्व सांसद डॉ. रमेश चंद बिंद व परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंचे।
दुनैया पांडे बूथ पर पसरा सन्नाटा
मतदान केंद्र महेवा के दुनैया पांडे बूथ पर सन्नाटा पसरा है। यहां मतदाताओं की संख्या न के बराबर है। हालांकि मतदानकर्मी व सुरक्षाकर्मी मौके पर मौजूद हैं।
बुजुर्गों में भी दिखा मतदान का उत्साह
पड़री मतदान केंद्र पर सुबह से मतदान जारी है। यहां मतदाताओं द्वारा लाइन लगाकर अपने मतों का प्रयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में विकलांग बुजुर्ग महिला में भी मतदान के लिए उत्साह दिखा। उन्हें परिजनों की मदद से बूथ पर लाया गया।
मतदान केंद्र पर भिड़े पुलिसकर्मी
मझवां विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार की सुबह से वोटिंग जारी है। विभिन्न बूथों पर लाइन में लगकर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते देखे जा रहे हैं। इसी बीच मतदान के दौरान पुलिसकर्मियों के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक का वीडियो सामने आया है।
पड़रा हनुमान गांव में मतदान का बहिष्कार, दो घंटे बाद माने लोग
देहात कोतवाली के पड़रा हनुमान में नाराज ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। औद्योगिक क्षेत्र होने पर नाराज ग्रामीणों ने मतदान से बहिष्कार कर आरोप लगाया कि केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को पत्र देने के बाद औद्योगिक क्षेत्र घोषित कर दिया गया। मुख्यमंत्री व पीएमओ कार्यालय को पत्र लिखा था। पत्र लिखने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बाद ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ेंगी। मौके पर आलाधिकारी जुटे और लोगों को समझाने में जुटे। जिसके बाद एडीएम वित्त एवं राजस्व शिव प्रताप शुक्ल के समझाने पर ग्रामीणों ने मतदान शुरू किया। दो घंटे तक प्रक्रिया प्रभावित रही।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पूरे निर्वाचन को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आठ टीमें बनाई गई हैं। इनमें उड़नदस्ता टीम, स्थायी निगरानी टीम, सहायक व्यय प्रेक्षक, वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, लेखा टीम, मीडिया प्रमाणन और अनुवीक्षण टीम तथा व्यय अनुवीक्षण व काल सेंटर टीम शामिल है।
9:00 बजे तक 10.55 प्रतिशत मतदान
मझवां विधानसभा के मतदान में सुबह 9:00 बजे तक 10.55 प्रतिशत मतदान हुआ। मझवां विधानसभा उपचुनाव में मझवां क्षेत्र के 442 बूथों पर मतदान हो रहा है। शाम पांच बजे तक होने वाले इस मतदान में 211105 पुरुष मतदाता, 188136 महिला मतदाता व 18 थर्ड जेंडर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 6175 मतदाता 18- 19 वर्ष आयुवर्ग के हैं।
442 बूथों पर हो रहा मतदान
इस उपचुनाव में मझवां क्षेत्र के 442 बूथों पर मतदान हो रहा है। मझवां विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र खजुरी के बूथ संख्या 207 पर मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदाता बूथ पर पहुंचे और लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। वहीं बरैनी बूथ संख्या 109-10 पर भी मतदाताओं की भीडड दिखी।
अधिकारी ने किया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन द्वारा विधानसभा उप-निर्वाचन (मझवां-397) के दृष्टिगत जनपद में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए बूथों/मतदान केंद्रों पर भ्रमण किया गया। इस दौरान जनता हाईस्कूल गुरूसंडी का निरीक्षण कर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए।
13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 3,99,633 मतदाता
मझवां विधानसभा में एक मॉडल बूथ, एक सखी बूथ, एक युवा बूथ, एक दिव्यांग बूथ बनाया गया है। इस बार 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 3,99,633 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर करेंगे।