एक जनसभा को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संबोधित किया है। इसके अलावा उप्र सरकार में मंत्री मंत्री गिरीश यादव, मंत्री सूर्यप्रताप शाही, मंत्री ओमप्रकाश राजभर, मंत्री आशीष पटेल भी यहां जनसभाओं के साथ डोर टू डोर प्रचार में उतर चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल पिछले एक महीने में कई रैलियां कर चुकी हैं। इनके अलावा विधायक भूपेश चौबे, सुनील पटेल, अनुराग पटेल, रमाशंकर पटेल, एमएलसी विनीत सिंह और धर्मेंद्र राय भी लगातार प्रचार कर रहे हैं।
मझवां विधानसभा का इतिहास
मझवां विधानसभा सीट पर 1952 में पहली बार चुनाव हुआ था, जिसमें कांग्रेस के बेचनराम ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद यहां कांग्रेस, जनसंघ, जनता दल, बसपा और भाजपा ने इस सीट पर जीत हासिल की। यहां 2017 में भाजपा से सुचिस्मिता मौर्य और 2022 में निषाद पार्टी के डॉ. विनोद बिंद चुनाव जीत चुके हैं। बसपा भी यहां से पांच बार चुनाव जीत चुकी है।
अफसरों ने लिया तैयारियों का जायजा
सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डीएम प्रियंका निरंजन ने गुरुवार को एडीएम शिव प्रताप शुक्ला के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हेलिपैड बनाने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख दिलीप कुमार सिंह भी मौजूद रहे। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी कार्यक्रम स्पष्ट नहीं है।
सुरक्षा में तैनात रहेंगे 1500 पुलिसकर्मी
सीएम योगी आदित्यनाथ के संभावित चुनावी कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में करीब 1500 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने एएसपी सिटी नितेश सिंह, सीओ सदर अमर बहादुर के साथ गुरुवार को कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड व पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में तीन एएसपी, 11 सीओ, 20 थानाध्यक्ष, 55 उप निरीक्षक, 900 के करीब हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के अलावा पीएसी तैनात रहेगी।
उपचुनाव में मतदाता
मझवां विधानसभा उपचुनाव में कुल 3,99,259 मतदाता मतदान करेंगे। जिनमें 1,88,136 महिलाएं और 2,11,105 पुरुष शामिल हैं।