फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रद्धालुओं से पटी विंध्यधाम की गलियां

Mon, 19 Oct 2015 12:09 AM IST
संवाददाता विंध्याचल।
विज्ञापन
विज्ञापन
घंटा-घड़ियाल और शंख की गूंज के साथ मां का जयकारा। हाथ में नारियल-चुनरी, माला-फूल व प्रसाद लिए कतार में खड़े भक्त। शहनाई-नगाड़े की गूंज के बीच विधिवत मुंडन संस्कार, मंदिर की छत पर कतार में बैठकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अनुष्ठान करते साधक। मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन के लिए आस्थावानों से पटी विंध्यधाम की सातों गलियां। यह नजारा शारदीय नवरात्र के छठवें दिन पावन विंध्याचल धाम में देखने को मिला।
विज्ञापन

रविवार को पांच लाख भक्तों ने आदिशक्ति के दरबार में शीश नवाए।  
शारदीय नवरात्र के छठवें दिन आदिशक्ति मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन करने के लिए श्रद्घालुओं का तांता लगा रहा। गंगा में डुबकी लगाने के बाद विंध्याधाम पहुंचे आस्थावानों ने बड़े ही श्रद्घाभाव से मत्था टेक कर मंगलकामना किया। अन्य दिनों के अपेक्षा रविवार को विंध्याचल धाम में मां के भव्य स्वरूप का दर्शन-पूजन करने के लिए नर-नारियों का रेला उमड़ पड़ा। बोल सांचे दरबार की जय और जय मां विंध्यवासिनी के गगनभेदी जयघोष से पूरा विंध्याचल धाम देवीमय हो रहा था।  दूरदराज से आए श्रद्घालु फूलों से किया गया मां का भव्य श्रृंगार दर्शन करने के लिए लालायित दिखाई दिए, वहीं मंदिर तक जाने वाली गलियों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रही। लंबी कतार में खड़े भक्तजन मां का जयकारा लगाते मंदिर की तरफ बढ़े चले जा रहे थे। गुड़हल, गुलाब, कमल के फूलों से माता का किया गया भव्य श्रृंगार का दर्शन पाकर श्रद्घालु भावविह्वल हो उठे। मां का विधिवत दर्शन-पूजन करने के बाद भक्तों ने मंदिर परिसर में विराजमान सभी देवी-देवताओं की मंदिरों में जाकर मत्था टेका, वहीं हवन कुंड का परिक्रमा कर पुण्य के भागी बने। विंध्याचल मंदिर की तरफ-तरह के फूलों सहित बिजली के रंग-बिरंगे झालरों से की गई सजावट एक अलौकिक छटा बिखेर रही थी। मंदिर में उमड़ी श्रद्घालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ ही श्री विंध्य पंडा समाज के पदाधिकारियों व सदस्यों सहित स्काउट-गाइड के बच्चे पूरी तन्मयता से भक्तों की सेवा में जुटे रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें