मिर्जापुर। क्रिकेट लीग ए डिवीजन के 9वें संस्करण के दूसरे सेमीफाइनल मैच में मां तारा क्रिकेट क्लब और देव अस्पताल के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मां तारा ने देव अस्पताल की टीम को रोमांचक मुकाबले में पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब फाइनल में वीपीएस से सीधी टक्कर होगी।
डॉक्टर अभय मौर्य ने बताया कि शुक्रवार को दूसरा सेमीफाइनल मां तारा क्रिकेट क्लब और देव अस्पताल के बीच खेला गया। मां तारा के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। देव हाॅस्पिटल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुलदीप कृष्णा 63, दुर्गा 21, कुलदीप 19, गोलू 13 की मदद से 136 रन बनाए। मां तारा की ओर से रणजी कैंप से लौटे शिवम शुक्ला ने चार ओवर में 16 रन देकर चार विकेट लिए। सचिन व युगराज ने दो-दो विकेट व अभिषेक ने एक एक विकेट प्राप्त किया।
19वें ओवर में कांटे की टक्कर के बाद मां तारा क्रिकेट क्लब ने मैच जीता। कृतज्ञ 32, सुमीत 30, उज्जल 28 और देवांश चतुर्वेदी आठ की बदौलत लक्ष्य किसी तरह हासिल हुआ। शिवम शुक्ला को बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। कृष्ण गुप्ता, बृजेश यादव अंपायर की भूमिका में रहे। स्कोरर ज्योति विश्वकर्मा रहे। इस दौरान लवकुश शुक्ला, ओपी शुक्ला, मंगलदास, आलोक यादव, सुरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।