फर्जी बैनामा कराने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने मड़िहान थाने पर रजिस्ट्री आफिस के उपनिबंधक, अधिवक्ता समेत सात लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस मुकदमा पंजीकृत मामले की जांच कर रही है। मड़िहान थाना क्षेत्र के रेक्सा गांव निवासिनी गंगाजली पत्नी विद्याशंकर ने दी गई तहरीर में बताया कि लालगंज थाना क्षेत्र के बनकी गांव में मेरी आठ बीघा पांच बिस्वा सात धूर जमीन है।
कुछ दिन पूर्व कुछ लोग रजिस्ट्रेशन कराने की बात कहते हुए उसका फोटो व आईडी कार्ड ले गए थे। जिस पर जालसासी करते हुए पांच मार्च 2016 को उसका फोटो लगा कर दूसरी महिला खड़ी करके मड़िहान रजिस्ट्री आफिस में उसकी जमीन का बैनामा करा दिया गया। इस बात की जानकारी उसे तब हुई तब वह जमीन की खतौनी निकालने तहसील गई तो बताया गया कि उसके जमीन उसके नाम पर नहीं है और वह बिक चुकी है। जब मुआयना कराया तो पता चला कि उपनिबंधक राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता ओम प्रकाश दूबे की मिलीभगत से जमीन का बैनामा किसी दूसरी महिला द्वारा करा दिया गया।
थाने में कार्रवाई नहीं होने पर महिला ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन से की। इस पर एसपी ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर मड़िहान पुलिस ने उपनिबंधक राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता ओम प्रकाश दूबे, क्रेता सुरेंद्र, बेदांती, मल्ली व संतोष व एक अज्ञात महिला समेत सात लोगाें के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसासी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।