श्रीगुरुगोविंद सिंह जी महाराज के 350 वें शताब्दी प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में नगर के रतनगंज स्थित गुरुद्वारा श्रीगुरुसिंह सभा से भव्य श्री गुरुग्रंथ साहिब की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान श्रीगुरुग्रंथ साहब की पालकी पर पुष्पाें की बारिश की जा रही थी, वहीं पंचप्यारे आकर्षण का केंद्र बने रहे।
गुरुग्रंथ साहिब की भव्य शोभायात्रा नगर के रतनगंज स्थित गुरुद्वारा श्रीगुरुसिंह सभा से निकल कर तेलियागंज, पेहटी चौराहा, घंटाघर, कोतवाली रोड, बसनही बाजार, धुंधी कटरा, मुकेरी बाजार, लालडिग्गी, कटरा कोतवाली रोड होते हुए पुन: गुरुद्वारा पहुंच कर समाप्त हुई। शोभायात्रा में नगर के गुरुनानक इंटर कॉलेज व गुरुनानक गर्ल्स इंटर कालेज के छात्र-छात्राएं शबद-कीर्तन करते चल रही थीं, वहीं श्री गुरुग्रंथ साहब की पालकी के पीछे-पीछे सिख समाज की महिलाएं कीर्तन करते हुए चल रही थीं।
भव्य शोभायात्रा में खालसा वीर दल का गतका महेंद्र सिंह विज व हीरा सिंह के नेतृत्व में अपने करतब दिखाते चल रहे थे। यात्रा का संचालन गुरुद्वारे के अध्यक्ष गुरमिंदर सिंह सरना उर्फ बल्लू व सचिव सचिव सुरजीत सिंह माेंगा कर रहे थे। इसके पूर्व रविवार की प्रात:काल गुरुद्वारे में हजूरी रागी जत्था ज्ञानी अजमेर सिंह अपने साथियों के साथ शबद-कीर्तन किया।
तत्पश्चात गुरुद्वारा परिसर में अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें सभी धर्मों के लोगाें ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान अमरीक सिंह, जसवीर सिंह मोंगा, करमजीत सिंह, अवनीत सिंह, राज सिंह, जसप्रीत सिंह, हरि सिमरन सिंह, हरदयाल सिंह, नामधारी, जगजीत सिंह, दलीप सिंह, दलजीत सिंह, मनिंदर सिंह, हरवंश सिंह, सतनाम सिंह, राजेंद्र कौर, भूपेंद्र कौर, परविंदर कौर, सिमरन कौर, पूर्णिमा द्विवेदी, ओम लक्ष्मी आदि उपस्थित रहे।