जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में गुरुवार को नगर पालिका एवं विंध्याचल पुलिस ने विंध्याचल के बरतर चौराहा व नगर पालिका स्टैंड पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। अभियान के दौरान कुछ लोगों द्वारा बाधा पहुंचाने पर सिटी मजिस्ट्रेट नाराज हो गए और उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। कहा कि यह अभियान अनवरत चलता रहेगा इसमें किसी प्रकार की बाधा पहुंचाने वालों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विंध्याचल के सड़कों व गलियों मेें लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है, जिससे नवरात्र के दिनों में आने वाले दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसको देखते हुए जिलाधिकारी कंचन वर्मा ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाने का निर्देश दिया। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट व ईओ संजय कुमार तथा विंध्याचल एसओ संजय राय के नेेतृत्व में टीम गठित कर अभियान चलाने को कहा। इसके तहत गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट ईओ विंध्याचल पुलिस के साथ विंध्याचल के बरतर चौराहा व नगर पालिका स्टैंड के पास किए गए अतिक्रमण को हटवाना शुरू किया। इसी दौरान कुछ लोग आए और हंगामा मचाते हुए अभियान को बंद करने की मांग करने लगे। इससे वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थिति बिगड़ने पर अभियान को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया फिर चालू कर अतिक्रमण को हटवाया गया। लोगों द्वारा हंगामा मचाने से नाराज सिटी मजिस्ट्रेट ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा पंजीकृत करने को कहा।