मिर्जापुर। प्रयागराज महाकुंभ के चलते ट्रेनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है। हर 20 मिनट पर एक महाकुंभ विशेष ट्रेन आ रही थी। रेलवे स्टेशन मिर्जापुर पर सुबह से लेकर शाम तक 50 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनो का आवागमन मिर्जापुर स्टेशन पर हुआ।
प्रयागराज से आने वाली ट्रेनों में लोग दरवाजे पर लटककर सफर कर रहे हैं। शौचालयों में भी यात्रियों की भीड़ भरी हुई थी। मिर्जापुर स्टेशन बिहार और झारखंड जाने वालों की भीड़ से भरा रहा। दोपहर में प्रयागराज से आई महाकुंभ स्पेशल ट्रेन के रुकते ही उस पर चढ़ने के लिए यात्री दौड़ पड़े। ट्रेन दो मिनट के लिए रुकी थी। यात्रियों को सकुशल चढ़ाने के लिए जीआरपी व आरपीएफ के साथ सिविल पुलिस के लोग लगे रहे। वृद्धजनों को ट्रेन में चढ़ने के लिए सहारा दे रहे थे। चलती ट्रेन पर चढ़ने वालों को पुलिस रोक रही थी। ट्रेन आती जाती रही, पर स्टेशन पर भीड़ कम नहीं हो रही थी। यात्री स्टेशन परिसर में आराम करते मिले।