मिर्जापुर। प्रसिद्ध कवि व यूथ आइकन डॉ. कुमार विश्वास पहली बार विंध्य की धरती पर विख्यात कविता कोई दीवाना कहता है का पाठ करेंगे। डॉ. कुमार विश्वास छह फरवरी को बीएचयू के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के अंतर संकाय युवा महोत्सव दिशा 2020 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में गोरखपुर सांसद व अभिनेता रवि किशन भी शामिल होंगे।
कुमार विश्वास की कोई दीवाना कहता है ऐसी कविता है जो युवाओं के जुबान पर है। आजकल कुमार विश्वास भगवान श्रीराम के आदर्शों का उदाहरण देकर युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के बारे में बता रहे हैं। कविताओं के साथ युवा उनके मोटिवेशनल भाषण को पसंद कर रहे हैं। ऐसे में डॉ. कुमार विश्वास छात्रों को श्रीराम के जीवन से साधारण इंसान के जीवन के बीच एक पूल बनाते हुए श्रीराम एवं जीवन प्रबंधन, श्रीराम एवं समाज, श्रीराम व राष्ट्र विषय पर अपना व्याख्यान देंगे। छह फरवरी को दिशा के शुभारंभ में कुमार विश्वास बतौर मुख्य अतिथि रहेंगे। इस दौरान वह कविताओं का पाठ करने के साथ छात्रों को कुशल प्रबंधन के बारे में बताएंगे। डॉ. कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में पांच हजार की क्षमता का पंडाल लगाया जाएगा। इसमें दो हजार दक्षिणी परिसर के छात्र रहेंगे। तीन हजार अन्य अतिथियों और लोगों शामिल रहेंगे।
अंतर संकाय युवा महोत्सव दिशा 2020 तीन दिनों तक चलेगा। छह फरवरी को डा. कुमार विश्वास कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। सात और आठ फरवरी को साहित्यिक, चित्रकला, वाद-विवाद, नृत्य-संगीत, थियेटर, संभाषण, निबंध आदि का आयोजन किया जाएगा।