जिगना। विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के वैसपुर गांव में मंगलवार की भोर में गैर सिलेंडर फटने से किचन की छत उड़ गई। धमाके की आवाज से परिवार और आस-पास के लोगों की नींद खुल गई। प्रधान की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन किया। संयोग रहा कि सिलेंडर फटने से कोई हताहत नहीं हुआ।
वैसपुर गांव निवासी मोहीयुद्दीन की पत्नी रुखसाना बेगम ने सोमवार की रात खाना बनाने के बाद गैस बंद कर दिया था। खाना खाने के बाद सभी लोग घर के बाहर सो रहे थे। भोर में ढाई बजे रुखसाना बेगम के किचन में सिलेंडर फटने से तेज धमाका हुआ। सिलेंडर फटने से किचन की छत उड़ गई। किचन का सामान 13 मीटर दूर जा गिरा। किचन व शौचालय की दिवाल दरक गई। सिलेंडर फटने से किचन का सारा सामान नष्ट हो गया। संयोग था कि लोग बाहर सोए थे। मकान मालिक ने सिलेंडर फटने से दो लाख रुपया का नुकसान बताया। रुखसाना बेगम ने बताया कि उसने प्रयागराज जनपद के मांडा स्थित कामाख्या इंडेन एजेंसी से कनेक्शन लिया है। 22 मई को गैस भराया था। उपभोक्ता ने इंडेन गैस के प्रबंधक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई व क्षतिपूर्ति की मांग किया है। ग्राम प्रधान लक्ष्मी नारायण पाल ने बताया कि गैस एजेंसी व पुलिस को सूचना दे दी गई है।