मुसफ्फरगंज स्थित केबी कालेज परिसर में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध दो दिवसीय अंतर महाविद्यालीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन अपने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित करके केबी कालेज, शिवलोक श्रीनेत, बलदेव पीजी कालेज और सरस्वती उच्च शिक्षा की टीमे सेमीफाइनल में पहुंची।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सीडीओ और कालेज के प्राधिकृत नियंत्रक अमित सिंह ने दीप प्रज्जवलन और मैच के दौरान पहली सर्विस देकर किया।
पहले मैच में केबी कालेज की टीम ने जानकी देवी राजकुमार सिंह पटेहरा कला कालेज को 25-17 और 25-15 अंकों से पराजित किया। वहीं शिवलोक श्रीनेत की टीम ने लाल बहादुर पीजी कालेज मुगलसराय को, बलदेव पीजी कालेज बड़ागांव वाराणसी की टीम ने काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय की टीम को हरा कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
वहीं सरस्वती उच्च शिक्षा एवं तकनीकी महाविद्यालय गहनी वाराणसी के खिलाड़ियों ने यूपी कालेज को 25-7 और 25-12 अंकों से पराजित करके सेमी फाइनल में पहुंची।
डा. शरद मेहरोत्रा ने बताया कि अंतिम दिन पहला सेमी फाइनल केबी कालेज और शिवलोक श्रीनेत महाविद्यालय पड़री तथा दूसरा सेमीफाइनल बलदेव पीजी कालेज बड़ागांव वाराणसी की टीम और सरस्वती उच्च शिक्षा एवं तकनीकी महाविद्यालय गहनी वाराणसी के बीच खेला जाएगा।
निर्णायक खेल शिक्षक डा राजेश सिंह यादव रहे। कार्यक्रम के आरंभ में प्राचार्य डा वीरेंद्र सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी को माल्यार्पण किया। साथ ही स्कोर कैप भी लगाया।