कछवां। सत्यनारायण सिंह खेल संस्थान में आयोजित मंगला राय स्मारक राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला गया। पुरुष वर्ग में मंगला राय गोल्ड कप उत्तर रेलवे के जोंटी और महिला वर्ग में दिव्या काकरान को दिया गया।
असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के फाइनल में उत्तर रेलवे के जोंटी और गाजीपुर के मुलायम यादव के बीच कुश्ती हुई। जिसमें जोंटी ने आठ अंक और मुलायम छह अंक हासिल किया। दोनों पहलवानों में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। 30 सेकंड का रेस्ट होने के बाद दोनों पहलवानों ने जब कुश्ती लड़ना प्रारंभ किया तो दर्शकों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। अंतिम समय में जोंटी ने दो अंक हासिल कर मंगला राय गोल्ड कप अपने नाम कर लिया। महिला वर्ग में उत्तर रेलवे की दिव्या काकरान और हरियाणा की काजल के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। जिसमें पहले तो दिव्या तीन अंक प्राप्त कर समय बिताने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन हरियाणा की काजल ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए फितले दांव लगाकर छह अंक हासिल कर लिया। इसके बाद 30 सेकंड के रेस्ट के बाद दोनों के बीच फिर जबरदस्त कुश्ती लोगों को देखने को मिली। दिव्या काकरान ने फितरे दांव से चार अंक हासिल कर काजल को परास्त कर दिया। इसके साथ ही दिव्या काकरान मंगला राय गोल्ड कप की विजेता बनी गईं। भारत रजत कप के लिए पुरुष वर्ग में दिल्ली के विशाल और हरियाणा के विकास के बीच कुश्ती हुई। जिसमें विशाल ने ढाक दांव मारकर विकास को चित कर दिया। विशाल भारत रजत कप के पुरुष वर्ग में विजेता बने। इसी तरह भारत रजत कप के लिए महिला वर्ग में दिल्ली की सिमरन और गाजीपुर की फ्रीडम यादव के बीच कुश्ती हुई। जिसमें सिमरन ने फ्रीडम से अंतिम समय में एक अंक ज्यादा प्राप्त कर भारत रजत कप अपने नाम कर लिया। 50 किलो भार वर्ग में गाजीपुर के मिथिलेश और हरियाणा के राहुल के बीच कुश्ती हुई। जिसमें मिथिलेश ने अंकों के आधार पर विजय हासिल की। इसी तरह से 57 किलो भार वर्ग में वाराणसी के विशेष यादव ने काला जंग दांव मारकर गोरखपुर के आदित्य यादव को हराया। 61 किलो भार वर्ग में विशाल साहनी ने धर्मवीर हरियाणा को हराया। 65 किलो भार वर्ग में यूपी पुलिस के शुभम ने वाराणसी के मनोहर यादव को हराया। महिलाओं वर्ग में गाजीपुर की प्रतिमा यादव ने हरियाणा की जन्नत को हराया। इस दौरान शशि सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, रमाशंकर सिंह, ओम प्रकाश सिंह, संजय सिंह, लक्ष्मीकांत गुप्ता, शिवशंकर चौबे आदि मौजूद रहे।