फतहां स्थित अधीक्षण अभियंता सिंचाई कार्य मंडल कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते सिविल डिप्लोमा
-सिविल डिप्लोमा इंजीनियर संघ के नेतृत्व में इंजीनियरों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन
मिर्जापुर। बाढ़ खंड बलरामपुर में तैनात जूनियर इंजीनियर अरुण कुमार पर 24 अप्रैल को कार्यालय के अंदर ही जानलेवा हमला किए जाने से विभागीय कर्मचारियों में आक्रोश है। 10 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने से सोमवार को जिले के विभिन्न खंडों के कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता सिंचाई कार्य मंडल कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन के आह्वान पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
सिविल डिप्लोमा इंजीनियर संघ के जिलाध्यक्ष संपूर्णानंद ने कहा अरुण कुमार चलित परियोजना के क्रियान्वयन के लिए अधिशासी अभियंता भरत राम, सहायक अभियंता घनश्याम पांडेय और अनुज कुमार के साथ कार्यालय कक्ष में बैठक कर रहे थे। इसी दौरान बाढ़ खंड के प्रारूपकार राजेश कुमार, वरिष्ठ सहायक विकास माथुर, चितौड़गढ़ बांध निर्माण खंड के वरिष्ठ सहायक अनील कुमार मिश्रा, कनिष्ठ सहायक शैलेंद्र बहादुर सिंह समेत 6-7 अन्य लोग कमरे में घुस आए और उन पर हमला कर दिया। संघ के जिला सचिव ईं आनंद कुमार बिंद ने कहा अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। स्थिति गंभीर हो गई, लेकिन मौजूद अधिकारियों के हस्तक्षेप से जेई की जान बचाई जा सकी। जिला सचिव ने कहा घटना के बाद भी दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने पर कर्मचारियों में नाराजगी है। आरोप है कि मामले में लीपापोती की जा रही है। सिविल डिप्लोमा इंजीनियर संघ विंध्याचल मंडल अध्यक्ष ईं. एसएन प्रसाद ने कहा हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो सिविल डिप्लोमा इंजीनियर संघ चुप रहने वाला नहीं, आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान ईं राजेश पांडेय, सर्वजीत कुमार, अजय कुमार प्रजापति, विनीत कुमार पाठक, मनोज कुमार यादव, मनोज कुमार बिंद आदि मौजूद रहे।