जमालपुर। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बृहस्पतिवार को अपने पैतृक गांव ओड़ी स्थित आवास पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अहरौरा बांध के गेट पर सीपेज से पानी बहकर बर्बाद होने की शिकायत मिलने पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारी को फटकार लगाई और अविलंब सीपेज बंद कराने का निर्देश दिया।
कैबिनेट मंत्री बुधवार की रात करीब 11 बजे अपने गांव पहुंचे। अपने आवास पर उन्होंने रात में विश्राम किया। इसके बाद बृहस्पतिवार को सुबह आवास पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान गांव निवासी दिव्यांग जिऊत ने बैटरी वाली ट्राई साइकिल दिलवाने की मांग की। इसपर जल शक्ति मंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारी से मोबाइल फोन पर बात कर दिव्यांग को बैटरी वाली ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान अहरौरा बांध के गेट के सीपेज से पानी बहकर बर्बाद होने की शिकायत मिलने पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारी को फटकार लगाई तथा सीपेज को तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया। जादोपुर गांव निवासी डबलू तिवारी ने गड़ई नदी पर पुल का निर्माण कराने की मांग किया। ओड़ी गांव निवासी शिव प्रसाद शर्मा ने सोनभद्र के म्योरपुर के राजपहरी में उनकी जमीन पेट्रोल पंप संचालक द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। इस पर उन्होंने मामले का निपटारा कराने का आश्वासन दिया। इसी तरह राजीव कुमार सिंह ने गांव में जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र भवन का मुद्दा उठाया तथा उसके स्थान पर नए भवन के निर्माण की मांग किया। इस दौरान श्रीपति सिंह, चकिया विधायक आचार्य कैलाश खरवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आनंद सिंह बंटू, नरसिंह चौहान, चंद्रभान सिंह, सुशील कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।