चुनार। दिल्ली में आयोजित तैराकी प्रतियोगिता में चुनार के उसमानपुर निवासी जयराज ने स्वर्ण व सिल्वर पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
संयुक्त भारतीय खेल फाउंडेशन के तत्वावधान में दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में शनिवार व रविवार को दो दिवसीय आठवें नेशनल गेम्स का आयोजन किया गया। इसमें अंडर-17 तैराकी प्रतियोगिता में चुनार के उसमानपुर निवासी जयराज श्रीवास्तव ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक, 25 मीटर बैक स्ट्रोक, 25 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक तथा 100 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक प्राप्त किया है। जयराज ने यूपी की ओर से प्रतिभाग करते हुए यह सफलता हासिल की है। उन्होंने नागरपुर स्थित डाॅ. सविता मेमोरियल ग्लोबल एकेडमी चुनार से 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। कोच विनीत की देखरेख में ताल कटोरा स्टेडियम में पांच से छह घंटे प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रारंभिक स्तर पर चुनार में तैराकी का प्रशिक्षण लिया है। मेडल हासिल करने पर तैराकों के साथ ही स्थानीय लोगों में खुशी है। नगर पालिका के अध्यक्ष मंसूर अहमद, मेजर कृपा शंकर सिंह, डॉ. ब्रह्मानंद शुक्ल, अखिलेश सिंह, डॉ. सत्यवान श्रीवास्तव, अफसर अली आदि ने जयराज की सफलता पर खुशी जताई।