नगर के कटरा बाजीराव स्थित एक होटल में आयोजित विश्व हिदू परिषद की बैठक को संबोधित करते वक्ता,
मिर्जापुर। नगर के बाजीराव कटरा स्थित होटल में रविवार को श्री राम जन्मोत्सव शोभा यात्रा के लिए विश्व हिंदू परिषद की बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि इस यात्रा में समाज के सभी वर्गों को जोड़ें। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष व विभाग पालक सुरेश अग्रवाल ने शोभा यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि यह यात्रा श्री राम के मर्यादा के अनुरूप व सुव्यवस्थित, अनुशासित ढंग से निकले।
समाज के हर वर्ग को जोड़ा जाए, अपने जिले के सभी धार्मिक संगठनों का इसमें प्रतिनिधित्व रहे। इस यात्रा में मातृ शक्ति बहनों की भूमिका रहे, उनका प्रतिनिधित्व रहे व वे बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। विभाग मंत्री रामचंद्र शुक्ल ने समिति निर्माण,अनुशासन व श्री राम जन्मोत्सव शोभा यात्रा समितियों की घोषणा की। प्रांत उपाध्यक्ष विद्याभूषण ने कहा कि श्री राम जन्मोत्सव शोभायात्रा प्रदेश की उत्तम शोभायात्रा है। सभी नगर वासियों से आग्रह है कि इसबार भी शोभायात्रा हर बार की तरह भव्य निकले और नगर की हर गली भगवामय हो जाए। जिलाध्यक्ष माता सहाय ने कहा की हमारा नव वर्ष चैत्र प्रतिपदा से शुरु हो रहा है, सभी हिंदू भाइयों व बहनों से आग्रह है की अपना हिंदू नववर्ष मनाएं। अध्यक्षता नगर अध्यक्ष राज माहेश्वरी व संचालन महेश तिवारी ने किया। राष्ट्रवादी मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, अमित, प्रवीण, श्रीकृष्ण सिंह, बृजेश गुप्ता, शुभम गुप्ता साई आदि थे।