मिर्जापुर। विंध्याचल धाम में पक्का घाट जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाए जाने से दुकान की बिक्री प्रभावित होने का दावा करने वाले वायरल वीडियो की पुलिस ने जांच की।
जांच में दुकान के सामने बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बाधित किए जाने के दावे की पुष्टि नहीं हुई। दुकानदार सतीश चौरसिया ने जांच के दौरान बताया कि दर्शनार्थियों की भीड़ अधिक होने से उनकी दुकान पर ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे थे। इसी गलतफहमी में उन्होंने वीडियो पोस्ट कर दी थी। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया था कि बैरिकेडिंग से उनकी दुकान पर ग्राहक नहीं आ रहे हैं।
थानाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि 11 अक्तूबर को विंध्याचल मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर गेट नंबर चार से पक्का घाट जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाई गई थी। इसके तहत दर्शनार्थियों के मंदिर आने और वहां से जाने के लिए अलग-अलग रास्तों की व्यवस्था की गई थी।
जांच में सामने आया कि सतीश चौरसिया की दुकान गंगा घाट से दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के मार्ग के किनारे स्थित है। दुकान और दर्शनार्थियों की कतार के बीच कोई बैरिकेडिंग नहीं लगाई गई थी। दुकानदार ने भी स्वीकार किया कि दर्शनार्थी उनकी दुकान के सामने से ही गुजर रहे थे, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण दुकान पर ज्यादा लोग नहीं आ पा रहे थे।