मड़िहान के देवरी गांव में पानी की टंकी पर चढ़ा भग्गू। स्राेत- सोशल मीडिया
मड़िहान। थाना क्षेत्र के देवरी गांव में शुक्रवार दोपहर भग्गू कोल (52) नशे में पानी की टंकी पर चढ़ गया। दो घंटे तक टंकी पर खड़े होकर हंगामा करता रहा। इस दौरान टंकी पर लगे तार को भी तोड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे पैसे का लालच देकर नीचे उतारा।
पचोखरा खुर्द गांव निवासी भग्गू एक महीने से मड़िहान के देवरी गांव में अपने बहनोई नंदू कोल के घर रह रहा था। पानी टंकी के पंप ऑपरेटर उपेंद्र यादव उर्फ जोगी ने बताया कि दोपहर 12 बजे वह अंदर काम कर रहे थे। इसी दौरान भग्गू शराब के नशे में पानी टंकी पर चढ़ गया और हंगामा शुरू कर दिया। टंकी पर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगा और वहां लगे तार को तोड़ने का प्रयास करने लगा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। 50 फीट ऊंची टंकी पर चढ़े व्यक्ति को देखकर लोग दहशत में आ गए। वह कई बार ऊंचाई से गिरते-गिरते बचा। काफी समझाने के बाद भी जब वह नीचे नहीं उतरा तो ग्रामीणों ने पैसे का लालच देकर उसे नीचे उतारा। नीचे उतरने के बाद उसे उसके बहनोई नंदू कोल को सौंप दिया गया।
पंप ऑपरेटर ने बताया कि समय रहते उसे नहीं उतारा जाता तो करंट लगने या गिरने से बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। ग्रामीणों ने कहा कि टंकी की घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। मड़िहान क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया था।