विंध्याचल। नव वर्ष पर मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन के दौरन परिसर मेें वीडियो बनाने वाले एक संदिग्ध युवक को पुलिस पकड़कर थाने ले गई। पुलिस के साथ ही खुफिया विभाग की टीम ने छानबीन किया। पूछताछ में पता चला कि युवक अपने दोस्तों के साथ आया था। गैर हिंदू होने के कारण बाहर ही सेल्फी ले रहा था। जिसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। विंध्याचल के शिवपुर निवासी एक युवक के घर उसके छह मित्र दर्शन-पूजन के लिए आए थे। सभी मंदिर में दर्शन करने गए। एक युवक बाहर वीडियो बना रहा था। इस पर पुलिस संदिग्ध मानकर उसे ले गई। पूछताछ के दौरान धाम चौकी प्रभारी मंदिर सुरक्षा, प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल कोतवाली, एलआईयू, सीओ सिटी, एडीएम के पूछताछ के बाद अन्य खुफिया विभाग की टीम ने पूछताछ किया। स्पष्ट हुआ कि युवक अपने साथियों के साथ दर्शन पूजन करने के लिए आया हुआ था। गैर हिंदू होने के कारण कारण मंदिर परिसर में दर्शन पूजन करने के लिए नहीं पहुंचा। वह मंदिर के पास सीढ़ी पर खड़ा होकर सेल्फी ले रहा था। पुलिस ने पूछताछ कर उसे परिजनों को सौंप दिया। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि वीडियो बनाने वाले संदिग्ध युवक से पूछताछ की गई। जांच में कुछ भी आपत्तिजनक न होने पर उसे छोड़ दिया गया।