मिर्जापुर। नव नियुक्त पंचायत सहायक/एकाउंटेंट कम डाटा इन्ट्री आपरेटरों ने प्रशिक्षण के बाद ग्राम पंचायतों का कामकाज संभाल लिया है। अब ग्रामीणों को मामूली काम के लिए ब्लाक मुख्यालय, ग्राम पंचायत अधिकारी या ग्राम विकास अधिकारी के यहां चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। सरकारी योजनाओं की जानकारी यहीं से ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाएंगी। जिले के बारहो विकास खंड के 809 ग्राम पंचायत में 801 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायको/एकाउंटेंट कम डाटा आपरेटर न सिर्फ तैनाती कर दी गयी है बल्कि उनके लिए पंचायत भवन में बाकायदा कक्ष भी निर्धारित कर दिया गया है। सरकारी कार्यालय की तरह उनके बैठने के लिए पंचायत राज विभाग की ओर से सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक की समय सारिणी जारी कर दी गयी है। बतातें चलें की सिटी, पहाड़ी, कोन, छानबे, मझवां, सीखड़, नरायनपुर, जमालपुर, राजगढ़, पटेहराकला समेत बारहों विकास खंड के 809 ग्राम पंचायत के सापेक्ष जिले में कुल 156 ग्राम पंचायत एवं विकास अधिकारियों की तैनाती रही। ऐसे सचिवों के पास कई गांव होने के कारण वे न तो किसी गांव में बैठक आदि कर पा रहे थे। और न ही ग्रामीणों को सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा था। ग्राम पंचायतों में नव नियुक्त पंचायत सहायक/एकाउंटेंट कम डाटा इन्ट्री आपरेटर ग्राम सचिवालय व पंचायत कार्यालय को नियमित रुप से खोलने व संचालित करने के लिए जिम्मेदार होंगे। वे ग्राम पंचायत के वार्षिक कार्य योजना की ऑनलाइन इन्ट्री, विभिन्न विभागों द्वारा संचालित व्यक्तिगत लाभार्थियों की योजनाओं के बारे में सूचना ऑनलाइन अपने कंप्यूटर में मेंटेन करेंगे।