मिर्जापुर। दुर्घटना बीमा की धनराशि का भुगतान न करने पर तहसील की टीम ने शुक्रवार को डंकीनगंज स्थित इंश्योरेंस कंपनी का कार्यालय सीज कर दिया। साथ ही भरूहना स्थित एक मोटर कंपनी का खाता भी सीज किया गया है।
एक वाद में न्यायालय ने बीमा कंपनी को मोटर एक्सीडेंटल क्लेम मद का बकाया 1468138 रुपये जमा करने का आदेश दिया था। इंश्योरेंस कंपनी ने इसका भुगतान नहीं किया। इस पर आरसी कट गई और उप जिलाधिकारी चंद्रभानु सिंह ने कार्रवाई का आदेश दिया। उनके आदेश पर नायब तहसीलदार कल्पना के नेतृत्व में तहसील की टीम शुक्रवार को डंकीनगंज स्थित इंश्योरेंस कंपनी के कार्यालय पहुंची और उसे सीज कर दिया। नायब तहसीलदार कल्पना ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई हुई है। टीम में संग्रह अमीन सूरज सोनकर, प्रदीप दुबे, हरिंदर दुबे, महेश सोनकर, रामाश्रय मौर्य, भैया राम आदि शामिल थे। इसके बाद टीम भरूहना पहुंची। वहां स्थित मोटर कंपनी का भी इंंडियन बैंक में संचालित खाता सीज किया गया।