मिर्जापुर। बरसात का मौसम शुरू हो गया है। जून के दूसरे पखवाड़ा से लेकर अब तक 19 दिन में गंगा के जल स्तर में तीन मीटर की वृद्धि हुई है। हालांकि जल स्तर में यह वृद्धि उत्तराखंड, राजस्थान व मध्य प्रदेश में हुई बारिश के कारण होने की बात कही जा रही है।
बीते 18 व 19 जून को जिले में गंगा का जलस्तर 63.200 मिलीमीटर पर रहा। मानसूनी बारिश होने के बाद शुक्रवार तक गंगा का जलस्तर 66.030 मिली मीटर पहुंच गया। बुधवार को दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा बढ़ रही थीं। बृहस्पतिवार को एक सेंटीमीटर प्रति घंटे बढ़ाव के पश्चात शुक्रवार को गंगा स्थिर हो गईं। जिले में बाढ़ से बचाव व राहत कार्य के लिए कुल 37 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं। इनमें सदर तहसील क्षेत्र में 14 व चुनार क्षेत्र में 23 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में छानबे, कोन, मझवां, सीखड़, पहाड़ी, सिटी ब्लाॅक क्षेत्र के अलावा गंगा की तराई वाले इलाकों व नरायनपुर विकास खंड के गंगा के तटवर्ती इलाके आते हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में कर्मचारी मुस्तैद कर दिए गए हैं। फतहां स्थित सिंचाई विभाग कालोनी में बाढ़ कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है। जो 24 घंटे काम कर रहा है।