जिगना थाना क्षेत्र के बजटा गांव में सोमवार की सुबह दूसरी मंजिल पर खेलते समय बारजे से गिरकर डेढ़ वर्ष के मासूम की मौत हो गई।
सोमवार की सुबह 11 बजे बजटा गांव निवासी रमेश चंद प्रजापति का डेढ़ वर्षीय पुत्र आर्यन अपने बड़े भाई आयुष (5) के साथ दूसरे तल पर कमरे में मां के सामने खेल रहा था। तब तक दोनों भाई खेलते खेलते कमरे से बाहर आकर बारजे पर लगी रेलिंग के पास पहुंच गए। इस दौरान आर्यन रेलिंग से नीचे गिर गया। दो मंजिला उंचाई से नीचे गिरने पर मासूम की मौके पर ही मौत हो गई थी लेकिन परिजन मासूम लेकर चिकित्सक के पास ले गए। जहां डाक्टर ने भी मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत पर मां नीलम का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक आर्यन एक बहन व दो भाइयों में सबसे छोटा था।