मिर्जापुर। प्रतिबिम्ब फाउंडेशन के सहयोग बारहवीं पास छात्र-छात्राओं के लिए टेक - बी फेलोशिप उन्मुखीकरण का आयोजन एचसीएल फाउंडेशन के द्वारा प्रतिबिम्ब फाउंडेशन के कार्यालय कजरहवा पोखरा पर रखा गया। जिसमें 40 से ज्यादा युवाओं ने प्रतिभाग किया। फाउंडेशन के निदेशक शैलेश शुक्ल ने बताया कि एचसीएल टीम ने टेक - बी फेलोशिप प्रोग्राम क्या है और कैसे ये कक्षा 12 के गणित विषय में पास छात्रों के लिए सुनहरा अवसर प्रदान करता है। उसके बारे में विस्तार में बताया। एचसीएल फाउंडेशन की ओर से टेक - बी कार्यक्रम के जोनल हेड संदीप वर्मा और पुष्कर ने बताया कि यह कार्यक्रम बारहवीं पास छात्रों को एक वर्ष के प्रशिक्षण के बाद एक स्थायी नौकरी के साथ-साथ बिट्स पिलानी जैसे उच्च संस्थान में बीएससी करने का मौका प्रदान करता है। छात्रों को ऑनरोल नौकरी और उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए एक बेहतरीन अवसर हो सकता है। अभी तक देश के विभिन्न राज्यों एवं जिलों से युवाओं को इस फेलोशिप कार्यक्रम का लाभ मिल चुका है। वर्तमान सत्र में मिर्जापुर के कुछ युवकों को भी लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के बाद इस फेलोशिप का हिस्सा बनने का मौका मिला है। इस फेलोशिप का सबसे बड़ा फायदा यह है कि युवा अपने पढ़ाई का बेसिक खर्च खुद से उठा सकते है। इस कार्यक्रम में फाउंडेशन के एसोसिएट मेम्बर गौतम अग्रवाल, विकास गिरी, राजेश मिश्रा, विशाखा सिंह, शिखा पांडेय, रिया द्विवेदी, विशाल मिश्रा, शिविका आदि उपलब्ध रहे।