लालगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के बहुती गांव में बोरिंग से लगातार ज्वलनशील गैस निकल रही है। आश्वास के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। पांच दिन से बर्बाद हो रहे ज्वलनशील पदार्थ को लेकर बोरिंग कराने वाले हरिशंकर यादव परेशान हंै।
उनका कहना है कि जब प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है तो अब वे ज्वलनशील गैस का उपयोग खुद व्यवसायिक रूप में करने के तरीके के बारे में विचार कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने इसकी तकनीकी के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वे अपने रिश्तेदारों से संपर्क में हैं। उनका कहना है कि कोई ऐसा उपाय होना चाहिए, जिससे गैस को सिलिंडर में भरा जा सके। इसके लिए वे अपने रिश्तेदारों और मित्रों से राय मशविरा करने में जुटे हुए हैं। उनका कहना है कि बोरिंग से लगातार गैस निकल रही है। माचिस की तीली जलाने पर गैस दूर से ही आग पकड़ ले रही है। आरोप लगाया कि जिला प्रशासन जांच नहीं करा रहा है। यदि गैस का भंडार मिल गया तो जिले का नाम रोशन हो जाएगा।