हलिया। कस्बा में स्थित एक निजी क्लीनिक पर बृहस्पतिवार की रात में उपचार के दौरान चार माह के शिशु की मौत हो गई । शिशु की मौत की जानकारी पर बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामा किया। सूचना पर पंहुची पुलिस धक्का-मुक्की कर रहे ग्रामीणों व क्लीनिक संचालक को थाने में ले जाकर मामले की जांच करने में जुट गई ।
हलिया के कोटार गांव निवासी शिवशंकर मिश्रा की बेटी प्रतिभा की शादी छानबे के गोगांव में हुई है। वह बीते एक माह से अपने मायके में आई थी। प्रतिभा के चार माह के पुत्र की तबीयत खराब होने पर हलिया कस्बा स्थित एक निजी क्लीनिक में उपचार के लिए चार दिन से भर्ती कराया गया था। जहां बच्चे का उपचार चल रहा था। इस बीच बृहस्पतिवार की रात शिशु की मौत हो गई। मौत की जानकारी पर काफी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने क्लीनिक पर डाॅक्टर से धक्का-मुक्की की। इसकी सूचना किसी ने स्थानीय पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ग्रामीणों के साथ क्लीनिक संचालक को थाने ले आए। शिशु के परिजनों ने आरोप लगाया कि क्लीनिक संचालक ने गलत दवा दे दी। जिससे शिशु की मौत हुई है। शिशु की मौत की जानकारी मिलने पर एसडीएम भरतलाल सरोज भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए। थानाध्यक्ष हलिया विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि उपचार के दौरान चार माह के शिशु की मौत होने पर उसके रिश्तेदार मौके पर पहुंचकर क्लीनिक संचालक से धक्का-मुक्की शुरू कर दिए थे। इस पर दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले आकर पूछताछ की जा रही है।