नगर के वासलीगंज स्थित इंडियन बैंक की शाखा में शनिवार की रात सेंधमारी का प्रयास कर रहे बदमाशाें के मंसूबाें पर पानी फिर गया। शहर कोतवाल एवं वासलीगंज चौकी इंचार्ज ने गश्त के दौरान एक बदमाश को रोशनदान काटते समय गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके दो साथी चकमा देते हुए भाग निकले।
पकड़े गए बदमाश के पास से लाकर काटने तथा खोलने की चाबी समेत अन्य सामान बरामद हुए हैं। बदमाशों के पकड़े जाने का खुलासा शनिवार को पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र ने पुलिस लाइन में पत्रकाराें से किया।
एसपी ने बताया कि मिर्जापुर निवासी एक युवक ने कौशांबी निवासी अनिल कुमार के साथ मिलकर नगर के आर्यकन्या इंटर कालेज के सामने स्थित इंडियन बैंक को लूटने के लिए योजना बनाई थी।
दोनाें बदमाशों ने करीब एक महीने पहले बैंक की रेकी कर उसमें घुसने का स्थान तय किया।
इसके बाद कौशांबी जनपद के थाना पश्चिम शरीरा क्षेत्र के चंपार गांव निवासी लवकुश के साथ मिलकर शनिवार की रात बैंक को लूटने पहुंचे। तीनाें बैंक के पीछे रोशनदान को काट रहे थे।
इसी दौरान गश्त पर निकले शहर कोतवाल सुनील दत्त दूबे एवं वासलीगंज चौकी इंचार्ज देवेंद्र प्रताप सिंह को रात में खटखटाहट सुनाई दी तो वह चौंक गए। गली में गए तो देखा कि कुछ लोग रोशनदान काट रहे हैं।
पुलिस जब तक हरकत में आती दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले जबकि लवकुश को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में लवकुश ने बताया कि शनिवार की रात वह लोग मुंबई मेल से रेलवे स्टेशन आए थे।
गिरधर चौराहा पहुंचे। जैसे ही लाइन कटी बैंक का रोशनदान काटने के लिए आ गए। अनिल और उसका साथी रोशनदान काट रहे थे जबकि लवकुश गली में खड़ा होकर पहरा दे रहा था।
इसी बीच उसे पुलिस ने पकड़ लिया। एसपी ने टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।