मिर्जापुर। नामांकन के दूसरे दिन बुधवार को सिर्फ एक प्रत्याशी निर्दल विजय कुमार ने नामांकन किया। नामांकन के लिए सात और लोगों ने नामांकन पत्र लिया।
नामांकन के लिए दूसरे दिन भी जिला मुख्यालय पर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रही। हर तरफ पुलिस के जवान तैनात रहे। टीबी अस्पताल तिराहा, रमईपट्टी तिराहा तथा कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर बैरियर लगाकर वहां मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कलेक्ट्रेट परिसर में भी काफी संख्या में पुलिस के जवान तैनात रहे। नामांकन करने वाले निर्दल प्रत्याशी विजय कुमार ने कहा कि उनको मतदाताओं पर भरोसा है। इसीलिए वे चुनाव लड़ रहे हैं। उधर, बुधवार को जिन सात लोगों ने नामांकन पत्र लिया, उनमें सुरक्षा समाज पार्टी के विपिन कुमार श्रीवास्तव, निर्दल जयशंकर, जन भागीदारी पार्टी की राधिका देवी, भारतीय रिपब्लिक पार्टी के राधेश्याम इंसान, गण सुरक्षा पार्टी की पार्वती, सरदार पटेल सिद्धांत के बृजेश कुमार तथा निर्दल अनिल कुमार शामिल हैं।