शहर कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा देवी स्थित बड़ी माता की गली में बुधवार की रात छत के रास्ते एक मकान में घुसे चोरों ने दो कमरों के आलमारी का लाकर तोड़ कर उसमें रखा आभूषण व 40 हजार नगदी समेत लाखों का सामान चुरा लिया। परिवारीजनों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी।
गली में ईश्वरचंद कसेरा की आटा चक्की की दूकान है। रोज की भांति वह रात में दूकान बंद कर छत पर सोने चले गए। बिजली न होने के कारण परिवार के अन्य लोग भी छत पर ही सो रहे थे। रात्रि करीब दो से चार बजे के बीच चोर मकान में घुसे और निचले तल पर दूकान के पीछे स्थित पुत्री आरती के कमरे की आलमारी तोड़कर उसमें रखा आभूषण व दूकान की आलमारी में रखा 40 हजार रुपया चुरा लिया।
ईश्वरचंद ने बताया कि चोर जाते समय मकान के अंदर के दरवाजे को अंदर से बंद करते गए। सुबह पांच बजे नींद खुली तो पड़ोसियों को बुला कर दरवाजा खुलवा कर देखा गया तो चोरी का पता चला। आरती के कमरे और दूकान की आलमारी खुली हुई थी। जिसमें आभूषण व नगदी गायब थी। इसके बाद चोरी की सूचना पुलिस को दी गई।