मिर्जापुर। नपाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने शुक्रवार को एल- टू अस्पताल के बाहर बने सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण किया। शौचालय व स्नान के लिए कोरोना संक्रमित मरीजों के तीमारदारों की समस्या को देखते हुए यह व्यवस्था शुरू की गई। इस सार्वजनिक शौचालय में महिलाओं एवं पुरुषों के अलग-अलग पांच सीटर शौचालय एवं एक-एक स्नानघर भी बना है। साथ ही इसमें सैनिटाइजर और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है, जिससे परिजनों को कोई असुविधा न हो।
जिले के अधिकतर कोरोना संक्रमित मरीज इस कोविड अस्पताल में भर्ती है। संक्रमितों के परिजनों को अस्पताल के बाहर यूरिनल और शौचालय ना होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। नपाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने इस समस्या का निदान करते हुए कोविड अस्पताल के बाहर बने नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय का उद्धघाटन किया। श्याम सुंदर केशरी, अभय प्रसाद मिश्रा, मनीष गुप्ता,सभासद ताबीर शौक़त,राजेश सोनकर,सुरेश मौर्य,अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश, संजय सिंह, मनोज व अश्वनी कुमार आदि मौजूद रहे।
सैनिटाइजेशन के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन
मिर्जापुर। नगर की गलियों के सैनिटाइजेशन के लिये नपाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने दो सदस्यीय टीम का गठन किया है। साथ ही बरसात के पूर्व नालों की सफाई एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जल्दी जारी करने के निर्देश भी दिए। इस संबंध में शुक्रवार की दोपहर पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गणेशगंज स्थित कैम्प कार्यालय पर बैठक आहूत की गयीं। बैठक में बरसात के पूर्व नगर के 90 नालों की सफाई युद्धस्तर पर करवाने के लिये पालिकाध्यक्ष ने सफाई निरीक्षको को जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश, कार्यक्रम प्रबन्धक संजय सिंह,हिमांशु केशरवानी, सुमित राज, संजय व दिनेश शर्मा आदि मौजूद रहे।