शाम को धुंध के बीच आसमान में दिखती सूर्य की परछाई।- संवाद।
मिर्जापुर। मौसम का मिजाज लगातार चौथे दिन भी खराब रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी है। पिछले तीन दिनों में अधिकतम छह डिग्री तो न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहे। सुबह और शाम धुंध हवाओं के साथ गलन व ठंड से ठिठुरन बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दो, तीन दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही कोहरे का भी सामना करना पड़ सकता है। शुक्रवार की सुबह ग्रामीण इलाकों में कोहरा रहा। वहीं, आसमान में बादल छाए रहे और सुबह से पछुआ हवाएं चलती रहीं, जिससे लोग कांपने लगे। दोपहर बाद धूप निकली लेकिन बेअसर रही। बादलों के बीच सर्द हवाओं के चलने से एक डिग्री अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि एक दिन पहले बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा भू-भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक शिव मंगल सिंह ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण शीतलहर चल रही है। दो से तीन दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान में गिरावट के बीच एक, दो दिनों में कोहरे का सामना करना पड़ सकता है।