जिगना। सगाई से एक दिन पहले रिश्तेदारी में जा रहे युवक की रविवार की दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर बिहसड़ा बाजार के समीप सामने से आ रही बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
प्रयागराज जनपद के मांडा थाना के कुखुडी गांव निवासी दीपचंद (25) उर्फ गांधी पुत्र लालजी सिंह घर से बाइक लेकर विंध्याचल थाना के महडौरा गांव रिश्तेदारी में जा रहा था। रास्ते में विंध्याचल थाना क्षेत्र के बिहसड़ा बाजार के पास मिर्जापुर की ओर से आ रही बोलेेरो ने टक्कर मार दी। बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दूर जा गिरा। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव घायल को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई गए। जहां से हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने के पहले ही घायल ने दम तोड़ दिया। बाइक सवार हेलमेट लगाया था। पुलिस ने बोलेरो को पकड़कर कब्जे में ले लिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचायतनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
................................
परिजनों ने बाहर जाने से रोका था
जिगना। दीपचंद की 28 दिसंबर, सोमवार को सगाई थी। वह गुजरात में काम करता था। सगाई के लिए वह रविवार की सुबह ही घर पहुंचा। वह विंध्याचल के महडौरा गांव में रिश्तेदारों से मिलने के जाने के लिए बाइक की चाबी मांगा। परिजनों उसे बाइक लेकर जाने से मना किया,पर वह नहीं माना। जिद करके चाबी लिया और बाइक लेकर गया। परिजन सोच रहे है कि काश उसकी जिद के आगे नहीं हारे होते तो आज वह जीवित होता। मृतक संदीप चार भाईयों में सबसे बड़ा था।