सोनभद्र से गिट्टी लादकर वाराणसी की ओर जा रहे दस चक्का ट्रक ने शनिवार की पूर्वाह्न 11 बजे अहरौरा थाना क्षेत्र के महुली चौराहे के पास बाइक सवार दादा और पोते को कुचल दिया। हादसे में दादा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी अहरौरा भेजवाया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चंदौली जनपद स्थित बबुरी थाना क्षेत्र के पचोखर गांव निवासी मुराद अली (58) अपने पोते दिलशेर (20) पुत्र गुडडू अली के साथ सोनभद्र किसी काम से गया था। शनिवार की सुबह बाइक से दादा व पोता घर आ रहे थे। जैसे ही अहरौरा थाना क्षेत्र के महुली चौराहे के पास पहुंचे कि पीछे से आ रहे दस चक्का ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे दादा की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पोता भी गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को सड़क पर घायलावस्था में तड़पता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सीएचसी अहरौरा भेजवाया। उधर के दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।