लालगंज। उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में बुधवार को मेढ़रा ग्राम पंचायत के प्रधान पद के लिए पुनर्मतगणना कराई गई, जिसमें एसडीएम लल्लन राम ने मतों की गिनती के बाद विमला पाल को 11 मतों से पुन: निर्वाचित घोषित किया। पुनर्मतगणना के दौरान सुरक्षा की व्यवस्था रही। लालगंज विकास खंड के मेंढरा ग्राम पंचायत की प्रधान पद पर वर्ष 2015 में चुनाव हुआ था। पंचायत चुनाव में 12 मतों के अंतर से विमला पाल निर्वाचित हुई थीं, जिसके विरुद्ध निकटतम प्रतिद्वंद्वी रीता देवी ने उपजिलाधिकारी न्यायालय मे पुनर्मतगणना कराने की मांग किया था। उन्होंने पूर्व में मतगणना में धांधली किए जाने की आशंका प्रगट किया था, जिसकी सुनवाई करते हुए तत्कालीन उपजिला मजिस्ट्रेट बागीश शुक्ला ने 20 जुलाई 2017 को दिए आदेश में दो अगस्त को पुनर्मतगणना कराने का आदेश दिया था। पुनर्मतगणना में भी विमला पाल को 11 मतों के अंतर से ग्राम प्रधान के पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। ब्यूरो