मिर्जापुर। दिन भर की तेज धूप के बाद बुधवार की शाम को नगर में लगभग एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। इससे जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जगह जगह जल भराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार की शाम लगभग साढे़ पांच बजे नगर और आसपास के क्षेत्रों में जम कर बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल गई। वहीं नगर के नटवां क्षेत्र में रेलवे पुल के नीचे बारिश का काफी पानी एकत्र हो गया था। इससे वहां से निकलने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर तक बारिश होने के कारण नालियों का पानी ओवरफ्लो करने लगा जिससे लोगों को गंदे पानी के बीच से हो कर गुजरना पड़ा।