नगर के लोंहदी स्थित एसएन पब्लिक स्कूल एंड हास्टल परिसर में चल रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप का समापन रविवार को हुआ।
चैंपियनशिप के दौरान प्रदेश के कई जनपदों से आए महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान गाजियाबाद तथा महिला वर्ग में प्रथम स्थान आगरा एवं द्वितीय स्थान मिर्जापुर ने प्राप्त किया।
चैंपियनशिप के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने सभी विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए कामना किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों के अंदर छिपी प्रतिभाओं का विकास होता है। कार्यक्रम के दौरान एसएन पब्लिक स्कूल एंड हास्टल के डायरेक्टर राजेश सिंह ने विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुुए उनको बधाई दी।
इस अवसर पर स्ट्रांग मैन का खिताब आगरा के दुर्गेश कुमार तथा स्ट्रांग वुमेन का खिताब आगरा की मोहनी कश्यप ने हासिल किया। चैंपियनशिप के उपरांत सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
मिर्जापुर पावर लिफ्टिंग संघ की ओर से आयोजित चैंपियनशिप का संचालन संघ के सचिव कमलापति त्रिपाठी ने किया। इस दौरान निधि सिंह पटेल, मधु सैलानी, ब्रम्हांड राज, गिरजा सिंह, विवेक आदि उपस्थित रहे।