नगर क्षेत्र के रमईपट्टी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लगी महिलाओं की लंबी कतार।
गांव-गिरांव के इलाकों में वर्तमान समय नोटों को लेकर हाहाकार मचा हुआ हैं। ग्राम्यांचलों में स्थित विभिन्न बैंकों व एटीएम पर पैसे के लिए भोर से ही लंबी कतार लग जा रही है। खाताधारकों का आरोप है कि बैंक खुलने के बाद घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी पैसा नहीं मिल पा रहा है, जबकि ऊंचे रसूख वालों को बैंक द्वारा बिना समय गंवाए ही भुगतान हो जा रहा है। अधिकांश स्थानों पर लगे कई बैंकों के एटीएम भी शोपीस बने हुए हैं।
जिले के ग्रामीण अंचलों में स्थित विभिन्न बैंकों एवं एटीएम पर पैसा निकालने व जमा करने में ग्राहकों को विगत छह दिनों से किचकिच करना पड़ रहा है। पैसे के अभाव में जहां मजदूर व गरीब भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके हैं, वहीं रोज कमाकर खाने-पीने वालों को घर-गृहस्थी चलाना मुश्किल हो रहा है। पेट्रोल पंपों पर सौ रुपये का पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है। पंपों पर तैनात कर्मचारी सीधे पांच सौ रुपये का पेट्रोल लेने की बात कह रहा है।
जमालपुर में मोबाइल की दूकान खोले सुशील सिंह का कहना है कि तमाम मोबाइल फोन ग्राहकों के फोन बना कर रखे गए हैं, लेकिन पैसे के अभाव में वह मोबाइल भी नहीं ले जा रहे हैं। बड़े नोटों के बंद होने से और बैंकों पर पैसे के लिए लंबी कतार लगने के कारण दूकानदारों की स्थिति बद से बदतर हो गई है। विगत पांच दिनों से दूकानदारों का धंधा मंदा पड़ा हुआ है। ग्रामीण अंचलों के बैंकों से पैसा नहीं मिल पा रहा है। जमालपुर में कई ऐसे भी बैंक हैं जो अपने चहेतों व ऊंची रसूख रखने वालों को बैंक पीछे के रास्ते से पैसा तो दे रहे हैं, लेकिन भोर से कतार में खड़े सामान्य खाताधारक पैसे के लिए परेेेेशान नजर आ रहे हैं। गरीबों का कहना है कि अब कहां जाएं।