जिम धर्मांतरण का मुख्य सरगना इमरान खान। स्रोत- पुलिस
मिर्जापुर। जिम में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमैल करने और धर्मांतरण कराने के गिरोह का मुख्य सरगना इमरान खान शुक्रवार की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। वह परिवार के साथ दुबई भागने के प्रयास में था। इमीग्रेशन विभाग ने उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। मिर्जापुर पुलिस शनिवार की सुबह दिल्ली पहुंच कर ट्रांजिट रिमांड पर इमरान को लेकर लौट रही है। मिर्जापुर में न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेगी। डीआईजी सोमेन बर्मा ने शनिवार की शाम पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता कर बताया कि जिम में धर्मांतरण कराने के आरोप में छह आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी। छानबीन में पता चला कि केजीएन जिम की चेन इमरान ने शुरू की। इसके बाद जिम के संचालन की जिम्मेदारी अपने भाई जहीर व जीजा सादाब को दे दिया। इसके बाद खुद प्राॅपर्टी का काम करने लगा। मामले में मुख्य सरगना इमरान खान और उसके भाई अशफाक उर्फ लकी अली खान की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गईं। खुफिया विभाग से सूचना मिली कि इमरान खान व लकी अली खान भारत छोड़कर जाने वाले हैं। इसके बाद लुक आउट नोटिस जारी किया गया। इमरान पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। 23 जनवरी को इमरान अपने परिवार के साथ दिल्ली एयरपार्ट से दुबई भागने वाला था। वहां इमीग्रेशन विभाग ने पकड़ लिया। उसके साथ उसके पत्नी और बच्चे भी थे। उसे दिल्ली पुलिस को हैंडओवर कर दिया। दिल्ली पुुलिस की सूचना पर मिर्जापुर की देहात कोतवाली पुलिस फ्लाइट से दिल्ली रवाना हुई। शनिवार की सुबह दिल्ली पहुंचकर इमरान को पटियाला कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। वहां पर ट्रांजिट रिमांड बनवाकर सड़क मार्ग से मिर्जापुर लेकर आया जा रहा है। मिर्जापुर आने पर उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहां से पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के बाद जो जानकारी मिलेगी। उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, डीआईजी की प्रेस वार्ता से पहले इमरान की पत्नी का वीडियो भी वायरल हुआ। जिसमें वह बता रही है कि सालगिरह मनाने दुबई जाने से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया। दिल्ली पुलिस ने पति को मिर्जापुर पुलिस को सौंपा है। मिर्जापुर पुलिस कुछ नहीं बता रही है।