मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपने अच्छे जनप्रतिनिधि दिए तो आपको अच्छी परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह चैत्र नवरात्र के लिए श्रद्धालुओं की व्यवस्था देखने और विश्वविद्यालय के काम को तेज करने और योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आए हैं। वह बृहस्पतिवार को महुवरिया स्थित बीएलजे इंटर काॅलेज के मैदान में प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर आयोजित विकास उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सीएम युवा उद्यमी ऋण में पांच लाख रुपये का ऋण मिल रहा है, जो उद्यमी चुकता करेंगे, उन्हें 10 लाख का ऋण मिलेगा। कहा कि बैंकर्स युवाओं को ऋण उपलब्ध कराएं। पूरे प्रदेश में 35000 युवाओं को इस योजना के तहत ऋण दिया गया है, जिसमें पांच सौ युवा इस जिले के हैं। अब ये युवा कम से कम 10 लोगों को नौकरी देंगे। उन्होंने लोगों को नवरात्र और रामनवमी की बधाई दी।
इसके पूर्व उन्होंने विकास उत्सव प्रदर्शनी में लगे स्टाॅल का निरीक्षण किया और दुकानदारों से बातचीत की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, चुनार विधायक अनुराग सिंह, छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, पूर्व सांसद रामसकल, मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी, आईजी आरपी सिंह, डीएम प्रियंका निरंजन, सीडीओ विशाल कुमार आदि मौजूद थे।
औद्योगिक हब बन सकता है जिला : अनुप्रिया
मिर्जापुर। केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की परिधि से निकलकर विकसित राज्य बन रहा है। यह राज्य औद्योगिक हब बन सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे मेडिकल कॉलेज में पीजी की सीटें बढ़ाएं। कहा कि काॅमन फैसिलिटी सेंटर बनवाने और चुनार की दम तोड़ती माटीकला के लिए सर्वे पार्क व अर्बन हाॅट बनवाने की जरूरत है। कहा कि जिले में ट्रांसपोर्ट नगर बनाया जाए। उन्होंने ही हलिया में एक और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग की।