मिर्जापुर। मां गंगा निषादराज सेवा समिति के नाविकों व मल्लाहों ने नवरात्र में गंगा नदी में आर-पार नौका संचालन पर रोक न लगाए जाने की मांग करते हुए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा। चेतावनी दी कि अगर नौका संचालन बंद किया गया तो प्रदेश भर के नाविक व मल्लाह आंदोलन करेंगे।
समिति के राष्ट्रीय सचिव हरिश्चंद्र ने बताया कि मां विंध्यवासिनी धाम में दूरदराज से आने वाले लोगों को नावों से यात्रा कराते हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी नाव चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। नवरात्र मेले में मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने जौनपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, प्रतापगढ़, भदोही सहित अन्य जनपदों से लोग पैदल आते हैं। दर्शनार्थी मनौती पूरी होने पर मां गंगा की विधि-विधान से पूजा पाठ करते हैं। पिछले तीन-चार साल से नवरात्र के समय नावों के आर-पार जाने पर प्रतिबंध लगा दिया जाता रहा है। इसका कोई शासनादेश व कानून नहीं है। प्रयागराज महाकुंभ में करोड़ों लोग गंगा में स्नान करने आए। लेकिन वहां पर रोक नहीं लगी। वाराणसी में भी रोक नहीं लगती है पर मां विंध्यवासिनी के धाम में नवरात्र में रोक लगा दी जाती है। नाव संचालन के लिए लाइफ जैकेट आदि सुरक्षा उपकरण रखने का नियम बनाया जाए पर रोक न लगाई जाए। सड़कों पर भी हादसे होते पर पर आवागमन बंद नहीं होता है। नाव संचालन होगा तो सड़क पर भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा। प्रदर्शन करने वालों में अरुण कुमार, राजेश निषाद, अजय, सोहन निषाद, सुमित, संदीप कुमार, राहुल निषाद आदि रहे।